राजधानी में छात्रों का प्रदर्शन: पेपर लीक के विरोध में सड़क पर उतरे युवा, सोनम वांगचुक के समर्थन में भी उठाई आवाज 

राजधानी में छात्रों का प्रदर्शन: पेपर लीक के विरोध में सड़क पर उतरे युवा, सोनम वांगचुक के समर्थन में भी उठाई आवाज 

रायपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं और लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में रविवार को राजधानी रायपुर में छात्र एवं युवा संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-युवा हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर पहुंचे तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर होता जा रहा है।

छात्र संगठनों ने परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने, पेपर लीक के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उनका कहना था कि सरकार को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने लद्दाख के पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन के प्रति भी समर्थन जताया। उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। साथ ही छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। प्रदर्शन में शामिल संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।