रायपुर में कबाड़ियों पर पुलिस का एक्शन : दुकानों पर रेड से मचा हड़कंप,भारी मात्रा में लोहा-सरिया जब्त
रायपुर। चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने सोमवार को कबाड़ी और यार्ड संचालकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। नॉर्थ जोन पुलिस ने खमतराई, गुढ़ियारी और उरला इलाके में दबिश देकर 6 कबाड़ियों के यहां कार्रवाई की। इस दौरान लोहे का स्क्रैप, सरिया, पाइप और तार समेत करीब 38 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में टीमों ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की।

रावांभाठा में दो कबाड़ियों पर कार्रवाई
खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा में कबाड़ी विजय टंडन के दुकान से लोहे के पाइप, तार और स्क्रैप जब्त किया गया। जब्त सामान की कीमत करीब 7,875 रुपए बताई गई। वहीं अवध राम नवरंगे के दुकान से भी लोहे का स्क्रैप और पाइप बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2,750 रुपए आंकी गई।
गुढ़ियारी में स्क्रैप जब्त
गुढ़ियारी इलाके में गिरधारी साहू के कबाड़ी दुकान में पुलिस ने दबिश देकर 102 किलो लोहे का स्क्रैप जब्त किया। इसकी कीमत करीब 4,590 रुपए बताई गई। वहीं आदर्श गोयल के दुकान से 70 किलो लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 3,150 रुपए है।

उरला और मेटल पार्क में भी रेड
उरला थाना क्षेत्र के मेटल पार्क स्थित रमन के कबाड़ी दुकान से 250 किलो लोहे का पाइप और सरिया जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 12,250 रुपए बताई गई। वहीं सरोरा स्थित एसएल ट्रेडर्स से 200 किलो लोहे का पाइप बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 7,750 रुपए आंकी गई।
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
पुलिस ने सभी कबाड़ी और यार्ड संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि चोरी का सामान खरीदने या बेचने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संदिग्ध सामान बेचने वालों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी 6 कबाड़ियों के खिलाफ बीएनएसएस और बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। शहर में चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

admin 





