रायपुर में 360 स्कूल बसों की जांच, 22 वाहनों में मिली सुरक्षा संबंधी खामियां; 53 हजार रुपए का जुर्माना

रायपुर में 360 स्कूल बसों की जांच, 22 वाहनों में मिली सुरक्षा संबंधी खामियां; 53 हजार रुपए का जुर्माना

रायपुर। नए शैक्षणिक सत्र के बीच राजधानी रायपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन और संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से स्कूल बसों की जांच की। रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित विशेष अभियान के दौरान 38 स्कूलों की 360 बसों का मैकेनिकल और दस्तावेजी परीक्षण किया गया। जांच में 22 बसों में विभिन्न सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन पर कुल 53 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, स्कूलों को करीब दो महीने पहले ही बसों की जांच और आवश्यक सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए थे। इसके बावजूद कई बसों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं मिला। संबंधित स्कूलों को 15 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

बसों की तकनीकी जांच के साथ-साथ उन्हें संचालित करने वाले चालक और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस दौरान कई चालक और परिचालक उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर) और कमजोर दृष्टि जैसी समस्याओं से ग्रस्त पाए गए। अधिकारियों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया।

अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग ने बस चालकों और परिचालकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। उन्हें बताया गया कि यदि यात्रा के दौरान बस में आग लग जाए तो सबसे पहले बच्चों को सुरक्षित बाहर कैसे निकाला जाए और उसके बाद फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग कर आग पर कैसे काबू पाया जाए।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के निरीक्षण का उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देना है। निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।