महिला से सामूहिक दुष्कर्म, बेसुध हालत में मिली; पुलिस ने शुरू की जांच 

महिला से सामूहिक दुष्कर्म, बेसुध हालत में मिली; पुलिस ने शुरू की जांच 

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक महिला के साथ कथित अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता बालोद-दल्ली राजहरा मुख्य मार्ग स्थित पर्यावरण पार्क के पास अचेत अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका उपचार कराया गया। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता कांकेर जिले की रहने वाली है। होश में आने के बाद उसने पुलिस को बताया कि उसका कथित रूप से अपहरण कर तीन लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में तीन अज्ञात ट्रक चालकों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ ट्रकों की आवाजाही और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने कहा है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।