चाकू से केक काटते नाबालिगों का वीडियो वायरल: सोशल मीडिया रील के लिए स्टंट, लोगों ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
डोंगरगांव। सोशल मीडिया पर रील और वायरल होने की होड़ में अब नाबालिग भी खतरनाक गतिविधियों में शामिल होते नजर आ रहे हैं। राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव नगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ नाबालिग धारदार चाकू से जन्मदिन का केक काटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद नगर में चिंता का माहौल है और लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे नाबालिग नगर के करियाटोला वार्ड क्रमांक-9 के बताए जा रहे हैं। वीडियो में वे सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू से केक काटकर जन्मदिन मनाते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर मामला बताया है।
हथियारों के प्रदर्शन पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाबालिगों के हाथों में इस तरह के धारदार हथियार होना चिंता का विषय है। उनका मानना है कि इस तरह के वीडियो न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि अन्य बच्चों और युवाओं पर भी गलत प्रभाव डालते हैं।
लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अभिभावकों की भूमिका भी अहम
नगरवासियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ में बच्चे जोखिम भरे और गैर-जिम्मेदाराना कदम उठा रहे हैं। ऐसे मामलों में अभिभावकों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखना और उन्हें कानून एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई या बयान सामने नहीं आया है।
admin




