पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर दिखा दुर्लभ 'एल्बिनो' सफेद भालू, राहगीरों ने बनाया वीडियो; वन विभाग मुस्तैद

पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर दिखा दुर्लभ 'एल्बिनो' सफेद भालू, राहगीरों ने बनाया वीडियो; वन विभाग मुस्तैद
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी और कौतूहल का माहौल बन गया, जब एक दुर्लभ 'एल्बिनो' (सफेद) भालू जंगल से भटककर सीधे मुख्य सड़क और रिहायशी इलाके के पास आ पहुंचा। व्यस्त मार्ग पर भालू की चहलकदमी देखकर वहां से गुजर रहे राहगीर थम गए। इस दौरान कुछ लोगों ने इसका वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वन विशेषज्ञों के अनुसार, यह कोई अलग प्रजाति का जीव नहीं बल्कि सामान्य भारतीय काला भालू (स्लॉथ बियर) ही है, जो अनुवांशिक विकार यानी 'एल्बिनिज्म' (रंग वर्ण दोष) के कारण पूरी तरह सफेद रंग का दिखाई देता है। इससे पहले भी मरवाही वनमंडल के जंगलों में इस दुर्लभ सफेद भालू की मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आ गई और मौके पर पहुंचकर भालू की निरंतर निगरानी शुरू कर दी है।

वन विभाग किसी भी संभावित मानव-वन्यजीव संघर्ष को टालने के लिए भालू को सुरक्षित रूप से वापस घने जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास में जुटा हुआ है। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से अपील की है कि वे भालू के करीब जाने या उसे उकसाने की कोशिश न करें, ताकि वन्यजीव और आम जनता दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।