CG Weather: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश से बदला मौसम, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट; 4 दिन तक आंधी-बारिश के आसार

CG Weather: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश से बदला मौसम, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट; 4 दिन तक आंधी-बारिश के आसार

रायपुर। मानसून से पहले छत्तीसगढ़ का मौसम लगातार बदलता नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई। मौसम सुहाना होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर समेत कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। आमतौर पर ऐसी स्थिति मानसून आने के बाद बनती है, लेकिन इस बार मई महीने में ही मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दे रहा है। पिछले करीब 15 दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बारिश और बादलों की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।


इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश

शुक्रवार सुबह कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। कसडोल में 60 मिमी बारिश हुई, जबकि कोमाखान में 40 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। गिरौदपुरी में 30 मिमी, बलौदाबाजार और भाटापारा में 20-20 मिमी बारिश हुई। वहीं कोटा क्षेत्र में भी 20 मिमी वर्षा दर्ज की गई।


मौसम बदलने की वजह क्या है?

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल तट पहुंचने की संभावना है। वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।

इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ और पूर्व-पश्चिम द्रोणिका का असर भी मौसम पर दिखाई दे रहा है। इन्हीं सिस्टम्स के कारण प्रदेश में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज अंधड़ और बिजली गिरने के भी आसार हैं।


रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर के लिए शनिवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई है। शहर में हल्की बारिश भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हालांकि मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 17 मई के बाद प्रदेश में अधिकतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।