पुलिस आरक्षक की संदिग्ध मौत, फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में मिला शव

पुलिस आरक्षक की संदिग्ध मौत, फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में मिला शव

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक पुलिस आरक्षक की मौत से सनसनी फैल गई है। आरक्षक का शव वीआईपी रोड स्थित एक फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में मिला है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रमाकांत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरक्षक रमाकांत सिंह शुक्रवार दोपहर अपने विभाग के कुछ साथियों के साथ वीआईपी रोड स्थित पुजारी फार्म हाउस पहुंचे थे।

जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे स्विमिंग पूल में डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूत्रों के अनुसार, आरक्षक पिछले दो-तीन दिनों से मानसिक रूप से कुछ परेशान बताए जा रहे थे। हालांकि इस संबंध में विभाग या परिजनों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

फिलहाल माना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।