50 किलो गांजा तस्करी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

50 किलो गांजा तस्करी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

रायपुर। राजधानी में 50 किलोग्राम गांजा और दो लाख रुपये की बरामदगी से जुड़े मामले में रायपुर पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी गांजा तस्करी नेटवर्क में सप्लायर और पैडलर के रूप में सक्रिय थे। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में थाना सिविल लाइन पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) एवं 29 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में छापा मारकर चारपहिया वाहन में सवार हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज और हिमांशु दामले को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 50 किलोग्राम गांजा और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। पूछताछ और जांच के दौरान राजकिशोर बेहरा उर्फ मिलन तथा रंजित उर्फ मयूर डिगल को भी गिरफ्तार किया गया था।

मामले की आगे की जांच में पुलिस को मयूर राजेंद्र देसले और अनुराग सोनी की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि महाराष्ट्र निवासी मयूर राजेंद्र देसले ने गांजा की तस्करी के लिए उपयोग में लाया गया चारपहिया वाहन पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों ऋषिकेश और हिमांशु को अनुराग सोनी के माध्यम से उपलब्ध कराया था। इसके एवज में वह कमीशन प्राप्त करता था।

वहीं धमतरी निवासी अनुराग सोनी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पूर्व में गिरफ्तार रंजित डिगल और मिलन बेहरा के साथ मिलकर ओडिशा से गांजा लाकर ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। इस कार्य के लिए उसे भी कमीशन मिलता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयूर राजेंद्र देसले (30 वर्ष), निवासी चालीसगांव, जिला जलगांव, महाराष्ट्र तथा अनुराग सोनी (29 वर्ष), निवासी कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक मोबाइल फोन जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों और पूरे तस्करी नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।