4 साल बड़ी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में रुका था युवक,विवाद के बाद लगा ली फांसी

4 साल बड़ी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में रुका था युवक,विवाद के बाद लगा ली फांसी

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में 19 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान जवाहर नगर अटल आवास निवासी शादाब खान के रूप में हुई है। वह मंगलवार शाम अपनी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार शादाब का अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से पहले ही ब्रेकअप हो चुका था। वर्तमान में वह अपने से चार साल बड़ी युवती के साथ रिश्ते में था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात शादाब की पुरानी गर्लफ्रेंड का फोन आने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद के दौरान युवती ने नाराज होकर अपने हाथ पर ब्लेड से चीरा लगा लिया और बिस्तर पर जाकर लेट गई। इसी दौरान शादाब ने कथित तौर पर युवती के स्कार्फ का फंदा बनाकर कमरे के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।

सुबह दोस्तों को दी सूचना

सुबह जब युवती की नींद खुली तो उसने शादाब को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उसने अपने दोस्तों को सूचना दी। दोस्तों ने होटल पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

युवती से पूछताछ, परिजनों ने उठाए सवाल

पुलिस ने मृतक के साथ होटल में मौजूद युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, मृतक के परिजनों ने घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।