धर्म परिवर्तन का दबाव और देवी-देवताओं पर टिप्पणी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर ग्रामीण के खरोरा थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों आरोपी गांव की आदिवासी बस्ती में जाकर हिंदू धर्म और देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक बातें करते थे तथा ग्रामीणों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ दबाव भी बनाते थे।
पुलिस के अनुसार ग्राम मांठ निवासी हेमंत सिंह मरावी ने थाना खरोरा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुशांत ज्ञानिक और उसका सहयोगी पीयूष पटेल गांव के आदिवासी मोहल्ले में पहुंचकर हिंदू धर्म के खिलाफ भड़काऊ और अपमानजनक टिप्पणियां करते थे। साथ ही ग्रामीणों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे।
शिकायत के आधार पर खरोरा थाना में अपराध दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा-4 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी सहित अन्य ग्रामीणों के बयान लिए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुशांत ज्ञानिक (40 वर्ष) निवासी न्यू पुरैना, थाना राजेंद्र नगर रायपुर और पीयूष पटेल (30 वर्ष) निवासी कुशालपुर थाना पुरानी बस्ती रायपुर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

admin 




