पानी विवाद ने लिया खूनी रूप: दो पक्षों में जमकर मारपीट, 9 घायल

पानी विवाद ने लिया खूनी रूप: दो पक्षों में जमकर मारपीट, 9 घायल

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम दांडेसरा का है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं और उनके दादा सगे भाई थे। इससे पहले भी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच खूनी झड़प हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली बंद होने के कारण पानी की समस्या गहरा गई थी। इसी बीच पानी भरने और टंकी की चाबी को लेकर पंचायत में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने पानी की टंकी की चाबी देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई।

पहले पक्ष के मोनू यादव ने आरोप लगाया कि उसका चाचा खेत में भैंस चरा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उसने बताया कि बीच-बचाव करने पहुंचने पर उसके साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से सियाराम की बेटी ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष के लोग घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट कर रहे थे। उसने कहा कि पानी भरने के दौरान विवाद बढ़ा और बाद में खेत तक पहुंचकर हमला किया गया।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।