Breaking News : जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये की कर चोरी का खुलासा

Breaking News : जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये की कर चोरी का खुलासा

रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की कर चोरी का खुलासा किया है। विभाग की टीम ने पिछले एक सप्ताह से लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाकर कई कारोबारियों के वित्तीय दस्तावेजों और व्यापारिक गतिविधियों की जांच की।

जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग ने बिस्किट, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों में जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कई कारोबारी बड़े पैमाने पर उत्पादन और व्यापार करने के बावजूद या तो जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या फिर वास्तविक कारोबार की तुलना में काफी कम कारोबार दर्शा रहे थे।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, अभनपुर के कोलर क्षेत्र स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के किराना एवं बेकरी कारोबारियों तथा कुछ पोल्ट्री संचालकों के यहां अब तक करीब एक करोड़ रुपये की कर चोरी का मामला सामने आया है। जांच अभी जारी है, इसलिए अंतिम आंकड़ों का खुलासा नहीं किया गया है।

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कई उद्योग और फैक्ट्रियां ऊंची दीवारों और बंद परिसरों के भीतर संचालित की जा रही थीं, जिससे उनके वास्तविक कारोबार का आकलन करना मुश्किल था। कई स्थानों पर बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध था और कर्मचारियों को भी कारोबार से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में माल परिवहन करने वाले वाहनों पर पहचान संबंधी कोई स्पष्ट चिन्ह नहीं थे। साथ ही बिना वैध इनवॉइस के माल की ढुलाई किए जाने के भी संकेत मिले हैं, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

जीएसटी विभाग ने कार्रवाई से पहले कई दिनों तक संबंधित क्षेत्रों में गोपनीय निगरानी की। अधिकारियों ने फैक्ट्रियों से निकलने वाले वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी, वीडियो रिकॉर्डिंग की और विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाने के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर छापेमारी की कार्रवाई की।

स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि शहर के बाहरी क्षेत्रों में संचालित बड़े कारोबारों की शिकायतें और सूचनाएं मिलने के बाद विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में ही बड़ी मात्रा में कर चोरी के मामले सामने आए हैं और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जीएसटी कानून के तहत कर चोरी और फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में इस तरह की जांच और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।