एक रात में फंसे 80 नशेड़ी चालक,साल भर में 4 हजार से अधिक केस

एक रात में फंसे 80 नशेड़ी चालक,साल भर में 4 हजार से अधिक केस

रायपुर। शहर में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस ने रविवार देर रात ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शहर के 9 प्रमुख और संवेदनशील चौक-चौराहों पर लगाए गए चेकिंग पॉइंट में 80 वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते मिले। इनमें 48 चालक शराब के नशे में वाहन चला रहे थे।

ब्रीथ एनालाइजर से जांच के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, मोटर व्हीकल एक्ट के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

कार और दोपहिया सबसे ज्यादा

चेकिंग में कार्रवाई किए गए 80 वाहनों में 36 दोपहिया, 34 कार, 8 ट्रक/टैंकर, एक बस और एक पिकअप शामिल हैं। यातायात पुलिस ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता और रिफ्लेक्स प्रभावित होते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

इस साल 4039 ड्रंक एंड ड्राइव केस

यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 4,039 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में अभियान लगातार जारी है।

डीसीपी की अपील: 

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। जरूरी हो तो कैब, ऑटो या किसी अन्य सुरक्षित साधन का इस्तेमाल करें। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा के लिए खुद भी जिम्मेदार बनें और दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में न डालें।