राजधानी में 2.40 लाख की हेरोइन जब्त: दुर्ग के सप्लायर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, टिकरापारा में बेचने के फिराक में थे
कोतवाली, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई; 11.99 ग्राम चिट्टा बरामद
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई और बिक्री में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दुर्ग का एक सप्लायर भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 11 ग्राम 990 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 2.40 लाख रुपए बताई जा रही है।
यह कार्रवाई रविवार को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता की निगरानी में अंजाम दी गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नरैया तालाब स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा। पुलिस को देखते ही सभी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राजवीर सिंह (23), निवासी न्यू खुर्सीपार, भिलाई; मोहम्मद अयान (20), निवासी संजय नगर, टिकरापारा; उबैद रजा (19), निवासी बैजनाथपारा; और मोहम्मद शरीफ (24), निवासी बैरनबाजार, रायपुर के रूप में बताई।
विधिसम्मत तलाशी के दौरान चारों के पास से कुल 11.99 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 215/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

admin 





