तहसील कार्यालय में ACB की बड़ी कार्रवाई, तहसीलदार का रीडर रिश्वत लेते गिरफ्तार
कोंडागांव। जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने एसीबी से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज करने के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी ने रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत के आधार पर मामले का सत्यापन किया गया था। शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी मुकेश रंगारी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जाएगी। फिलहाल प्रारंभिक जांच में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि विवेचना के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

admin 




