कोर ग्रुप की बैठक में तय होगा भविष्य का रोडमैप
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज सियासी सरगर्मियां तेज हैं। आज शाम होने वाली प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश विशेष रूप से रायपुर पहुँच चुके हैं। इस बैठक को आने वाले महीनों में होने वाले संगठनात्मक बदलावों और निकाय चुनावों की रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि बैठक के पहले चरण में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री पवन साय सहित सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बुधवार को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति के लिए एजेंडे तैयार करना है। इन प्रस्तावों पर कोर ग्रुप की चर्चा के बाद ही अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
पदाधिकारियों की बैठक के तुरंत बाद कोर ग्रुप की बैठक शुरू होगी, जिसमें सत्ता और संगठन का तालमेल देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव शासन की योजनाओं और फीडबैक के साथ बैठक में हिस्सा लेंगे। प्रदेश प्रभारी रहे नितिन नवीन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लिहाजा वे भी इस बार कोर ग्रुप की चर्चा में मौजूद नहीं रहेंगे।

admin 





