विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का आंदोलन खत्म: TI सस्पेंड करने और धाराएं हटाने के आश्वासन के बाद अनशन स्थगित

विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का आंदोलन खत्म: TI सस्पेंड करने और धाराएं हटाने के आश्वासन के बाद अनशन स्थगित

सूरजपुर। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना परिसर के सामने चल रहा कांग्रेस नेताओं का आमरण अनशन और भूख हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गया। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी धरने में शामिल हुए थे और उन्होंने पुलिस कार्रवाई को चुनाव प्रभावित करने की साजिश बताया था।

दरअसल कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेस नेता धरने पर बैठे थे। बुधवार को सूरजपुर एसडीएम और एएसपी आंदोलन स्थल पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। अधिकारियों ने कांग्रेस की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया।

कांग्रेस नेताओं को टीआई के निलंबन और नरेंद्र जैन के खिलाफ लगाए गए आर्म्स एक्ट की धाराएं हटाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद टीएस सिंहदेव और दीपक बैज ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। आंदोलन खत्म होने के बाद टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि न्याय के लिए चल रहे संघर्ष की दिशा में पहली सफलता मिली है और यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आखिरकार न्याय की जीत हुई है और पुलिस-प्रशासन ने कांग्रेस की सभी मांगें मान ली हैं।

धरने के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता चूड़ी पहनकर नहीं बैठे हैं। थानेदार का नाम हमेशा याद रखा जाएगा और सरकारें आती-जाती रहती हैं। उन्होंने एसपी और आईजी को भी मामले में सुधार करने की सलाह दी थी।

क्या है पूरा मामला
कांग्रेस के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के प्रतिष्ठान पहुंचे थे, जहां चुनावी हार-जीत को लेकर विवाद शुरू हुआ। कांग्रेस का आरोप है कि मित्तल ने नरेंद्र जैन के साथ बदसलूकी की और सत्ता का दबाव दिखाते हुए झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।

इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी की शिकायत पर विश्रामपुर थाने में नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नरेंद्र जैन ने मित्तल पांडेय पर कटार तान दी थी। हालांकि पुलिस अब तक कथित कटार बरामद नहीं कर सकी है।