WRS कॉलोनी मैदान में युवक की संदिग्ध मौत, सिर कुचला हुआ शव मिलने से सनसनी

WRS कॉलोनी मैदान में युवक की संदिग्ध मौत, सिर कुचला हुआ शव मिलने से सनसनी

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के एक खुले मैदान में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था और उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात किसी समय यह घटना हुई। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने मैदान में युवक का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के सिर और चेहरे पर किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से हमला किया गया है। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस को युवक के दाहिने हाथ पर 'RK सारथी' नाम का टैटू मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के समय क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य व्यक्तिगत कारणों को लेकर वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। हालांकि अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर भी चिंता जताई है। फिलहाल खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।