कोरिया हत्याकांड के बाद रेत खनन पर सख्ती, केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की छापेमार कार्रवाई
रायपुर। कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा नेता की हत्या के मामले ने राज्य सरकार को सतर्क कर दिया है। घटना के बाद अवैध रेत खनन और भंडारण पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने बीती रात विभिन्न नदी क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों की जांच की।
खनिज विभाग के संचालक आईएएस रजत बंसल के निर्देश पर सक्रिय हुई केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता टीम ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के केल्हारी तहसील अंतर्गत दंडाहस्वाही क्षेत्र की केवाई नदी, पसौरी, कुटरा और हसदेव नदी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण स्थलों की भी सघन जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान ड्रोन सर्वे के माध्यम से रेत की मात्रा का आकलन किया गया। जांच में पाए गए तथ्यों के आधार पर संबंधित भंडारणकर्ताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त जवाबों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग के अनुसार, केवल एमसीबी जिला ही नहीं बल्कि राज्य के अन्य जिलों में भी पहुंचविहीन क्षेत्रों और अवैध रेत उत्खनन संभावित स्थलों की पहचान की जा रही है। इन क्षेत्रों की निगरानी हाईटेक ड्रोन तकनीक के माध्यम से की जा रही है, ताकि अवैध रेत खनन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
निरीक्षण और जांच अभियान के दौरान केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम के साथ जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

admin 




