छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 24 घंटे में 75 फीसदी क्षेत्र तक पहुंचा; कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 24 घंटे में 75 फीसदी क्षेत्र तक पहुंचा; कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेजी से रफ्तार पकड़ ली है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही मानसून कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के शेष हिस्सों को भी कवर कर सकता है।

मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। डौंडी और नांगर में सर्वाधिक 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा कांकेर, जगदलपुर, राजनांदगांव, बड़े राजपुर, नगरी, धानोरा और अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बादल गरजने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।