चर्चित मानिक मेहता की मौत, किचन में सिंक में मिली लाश

चर्चित मानिक मेहता की मौत, किचन में सिंक में मिली लाश
रायपुर (चैनल इंडिया)। डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में मंगलवार को एक मकान से नौकरशाही से लेकर मीडिया और राजनीति तक चर्चित रहने वाले मानिक मेहता की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना वाटर वल्र्ड के पीछे स्थित इंद्रप्रस्थ इलाके की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर तो मानिक मेहता की मृत्यु हार्ट अटैक से होना प्रतीत हो रही है लेकिन पोस्टमॉर्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। सुबह जब पड़ोसियों ने मानिक मेहता को उनके घर में मृत पाया तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि परिजनों के आने के बाद ही पोस्ट मार्टम होगा।
मानिक मेहता चर्चित मिक्की मेहता केस से जुड़े हैं। डॉ. मिक्की मेहता की मौत 2001 में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। मानिक मेहता उन्हीं मिक्की मेहता के भाई हैं। मानिक मेहता ने इस मामले में ही प्रदेश के वरिष्ठ और प्रभावशाली अफसर पूर्व डीजी मुकेश गुप्ता के खिलाफ कई शिकायतें भी की थीं लेकिन मुकेश गुप्ता के विरुद्ध किसी भी जांच में अब तक मानिक मेहता के आरोप टिके नहीं।