भिलाई में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान चाकूबाजी: सिरफिरे नाबालिग ने 5 युवकों को किया घायल, इलाके में तनाव

भिलाई में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान चाकूबाजी: सिरफिरे नाबालिग ने 5 युवकों को किया घायल, इलाके में तनाव
भिलाईनगर: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित खुर्सीपार जोन-3 क्षेत्र में शनिवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाबालिग बदमाश ने अचानक धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुई चाकूबाजी में जुलूस में शामिल पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब पौने 10 बजे गणेशोत्सव समिति के सदस्य, महिलाएं, युवा और बच्चे ढोल-ताशों के साथ नाचते-गाते हुए गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान आरोपी नाबालिग हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए भीड़ में घुसा और लोगों पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। हमले में हिमांशु वर्मा, हेमंत वर्मा, अमित पटेल, संदीप साहनी और अभिषेक वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद जुलूस में भगदड़ मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया।

वारदात से आक्रोशित स्थानीय निवासियों और समिति के लोगों ने देर रात ही खुर्सीपार थाने का घेराव कर दिया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।