पत्नी से विवाद, मायके जाते ही युवक ने की आत्महत्या; पुलिस जांच में जुटी
रायगढ़। शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कयाघाट स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे की है। बताया जा रहा है कि करीब 10 दिन पहले पत्नी से विवाद होने के बाद वह अपने एक बच्चे के साथ मायके चली गई थी। इसके बाद से युवक परेशान था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, संजय प्रकाश टंडन पेंटिंग का काम करता था। करीब 12 साल पहले उसकी शादी सारंगढ़ के कोसीर निवासी सरिता से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक संजय शराब का सेवन करता था और करीब 10 दिन पहले किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद उसकी पत्नी एक बच्चे को लेकर मायके चली गई थी।
बताया जा रहा है कि 26 जुलाई की शाम संजय घर पहुंचा और खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। रात करीब 9 बजे उसके भाई संजीव प्रकाश ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि संजय शराब के नशे में पहले भी आत्महत्या करने जैसी बातें कहता था, लेकिन परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया था। घटना की सूचना पर जूटमिल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
admin




