रक्षाबंधन पर मातम: बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे युवक की खारुन नदी में डूबने से मौत की आशंका, तलाश जारी

रक्षाबंधन पर मातम: बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे युवक की खारुन नदी में डूबने से मौत की आशंका, तलाश जारी

रायपुर। रक्षाबंधन के दिन राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने महादेव घाट पहुंचे एक युवक के खारुन नदी में डूबने की घटना से हड़कंप मच गया। अस्थि विसर्जन के बाद नदी में नहाने उतरा युवक तेज बहाव के बीच गहरे पानी में चला गया और एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आ गया।

घटना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था।

बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा था महादेव घाट

डूबने वाले युवक की पहचान रायपुरा स्थित सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग (35 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युधिष्ठिर अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जीजा और अन्य परिजनों के साथ महादेव घाट पहुंचा था।

परिजनों ने विधि-विधान से अस्थि विसर्जन किया। इसके बाद युधिष्ठिर खारुन नदी में नहाने के लिए उतरा था।

गहरे पानी और भंवर में फंसा युवक

बताया जा रहा है कि नदी में पानी का बहाव तेज था। नहाते समय युधिष्ठिर धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चला गया। इसी दौरान एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आने से वह पानी में डूब गया।

परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।

गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से खारुन नदी में युवक की तलाश की जा रही है।

फिलहाल युवक का शव बरामद नहीं हुआ है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस और रेस्क्यू टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है।