धमतरी में युवक से लूटपाट: मारपीट कर नगदी, मोबाइल और स्कूटी लूटी; एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवक से लूटपाट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुरूद थाना पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, विमल धृतलहरे अपनी स्कूटी से किसी काम से निकले थे। मंदरौद के पास रास्ते में कुछ देर रुकने के दौरान एक कार वहां आकर रुकी। आरोप है कि कार से तीन नकाबपोश युवक उतरे और उन्होंने विमल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने मारपीट के बाद उसके पास मौजूद करीब 9 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और स्कूटी लूट ली तथा मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

admin 




