दंतेवाड़ा में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 10 से अधिक घायल; जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दंतेवाड़ा में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 10 से अधिक घायल; जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार तड़के एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 से 12 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, हादसा भांसी थाना क्षेत्र के धुरली के पास सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। महेंद्रा ट्रेवल्स की यात्री बस यात्रियों को लेकर जा रही थी, इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही भांसी क्षेत्र में मौजूद जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल भेजा गया।

हादसे में करीब 10 से 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है। इनमें कुछ घायलों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल और अन्य को बचेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पलटने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। भांसी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।