विधायक से लूट के बाद राजधानी में हाई अलर्ट, 20 से 40 प्वाइंट पर हथियारबंद जवान तैनात

विधायक से लूट के बाद राजधानी में हाई अलर्ट, 20 से 40 प्वाइंट पर हथियारबंद जवान तैनात

रायपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक धरमलाल कौशिक से मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई लूट की घटना के बाद राजधानी रायपुर में पुलिसिंग व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अब शाम से लेकर सुबह तक हथियारबंद जवानों की तैनाती की जा रही है।

पुलिस ने शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक शहर के 20 प्रमुख प्वाइंट्स पर बंदूकों से लैस जवानों की ड्यूटी लगाई है। वहीं रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि गश्त के दौरान 40 स्थानों पर जवान तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा मॉर्निंग वॉक वाले इलाकों और वीआईपी जोन में डायल-112 की गाड़ियां भी लगातार तैनात रहेंगी।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि राजधानी में “विजिबल पुलिसिंग” पर विशेष जोर दिया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आधी रात को बिना वजह घूमने वालों से पूछताछ की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।

शाम के समय जिन प्रमुख इलाकों में फोर्स तैनात की गई है, उनमें जयस्तंभ चौक, कालीबाड़ी, सदर बाजार, शास्त्री चौक, पंडरी कपड़ा मार्केट, शंकर नगर, वीआईपी तिराहा, तेलीबांधा तालाब, अमलीडीह, भाठागांव, रेलवे स्टेशन चौक, गुढ़ियारी और भनपुरी समेत कई इलाके शामिल हैं। यहां जवान आने-जाने वालों पर नजर रखेंगे और हर गतिविधि की जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचाई जाएगी।

पुलिस ने सुबह की गश्त भी सख्त कर दी है। सुबह 5 बजे से 8 बजे तक मॉर्निंग वॉक वाले इलाकों, पार्कों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। डायल-112 की गाड़ियां भी इन इलाकों में तैनात रहेंगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध लोगों का नाम, पता, मोबाइल नंबर और वाहन नंबर दर्ज किया जाएगा। साथ ही सड़क किनारे स्थित दुकानों और संस्थानों में ब्ब्ज्ट कैमरे लगाने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि अपराधियों की पहचान और निगरानी आसान हो सके।