गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या, मारपीट के बाद अस्पताल छोड़कर फरार हुआ पति

गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या, मारपीट के बाद अस्पताल छोड़कर फरार हुआ पति

अंबिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मणिपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी तीन महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के साथ बुरी तरह मारपीट की और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।

मृतका की पहचान हीराबाई (23) के रूप में हुई है, जो अंबिकापुर से लगे ग्राम भिठीकला की रहने वाली थी। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर उसके पति प्रदीप अगरिया ने किसी बात को लेकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी उसे बाइक से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, पत्नी की मौत का पता चलते ही आरोपी शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। परिजनों के नहीं पहुंचने पर पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। शुक्रवार को परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चोट के 16 निशान मिले हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के कमरे और मुख्य दरवाजे के पास खून के निशान पाए गए। वहीं घर के सामान पर भी खून के छींटे मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घायल पत्नी को घसीटते हुए घर से बाहर लेकर गया था, जिसके निशान भी मौके पर मिले हैं।

घटना के दौरान मौजूद मृतका की 5 वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। बच्ची के अनुसार, घटना के समय वह डर के कारण सहमकर एक तरफ बैठी रही।

राजेश अग्रवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अंबिकापुर सीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।