शराब दुकान में बड़ी चोरी: 7 लाख रुपये से भरा लॉकर उखाड़ ले गए बदमाश, CCTV DVR भी गायब
रायपुर। सरोना स्थित कंपोजिट विदेशी शराब दुकान में चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान से करीब 7 लाख रुपये नकदी से भरा लॉकर उखाड़कर ले गए। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने और जांच को प्रभावित करने के लिए वे सीसीटीवी सिस्टम का DVR भी अपने साथ ले गए।
घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। रविवार सुबह जब दुकान संचालकों को चोरी की जानकारी मिली, तब पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर देर रात दुकान में घुसे और वहां रखे कैश से भरे लॉकर को उखाड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लॉकर में करीब 7 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। वारदात को बेहद पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया है।
जांच को भटकाने के उद्देश्य से आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR भी निकाल लिया, जिससे घटना के फुटेज उपलब्ध नहीं हो सके। हालांकि पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
घटनास्थल पर एडिशनल डीसीपी वेस्ट, एसीपी पुरानी बस्ती, आमानाका थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दुकान प्रबंधन से जानकारी ली। नकदी की वास्तविक राशि, सुरक्षा व्यवस्था और चोरी के समय को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि वारदात में पेशेवर गिरोह का हाथ हो सकता है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

admin 




