बच्चों को मौत की नींद सुलाकर दंपती ने की आत्महत्या, दुर्ग में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से सनसनी

बच्चों को मौत की नींद सुलाकर दंपती ने की आत्महत्या, दुर्ग में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से सनसनी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला मुख्यालय से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर स्थित एक मकान में पति-पत्नी की लाश फांसी पर लटकी मिली, जबकि उनके दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।

मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), बेटी दृष्णा साहू (13 वर्ष) और बेटे यशांत साहू (10 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले नींद का इंजेक्शन देकर मौत की नींद सुलाया गया, जिसके बाद पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के मुताबिक, गोविंद साहू सुपेला स्थित एक शेयर ट्रेडिंग फर्म में निजी नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि मृतक के परिजन ओडिशा के पुरी से आए हुए थे। बीती रात परिवार ने साथ में आइसक्रीम और मिठाई खाई थी, जिसके बाद सभी सोने चले गए। सुबह जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो पति-पत्नी की लाश फांसी पर लटकी मिली और दोनों बच्चे मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़े थे।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।