रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 3 नए DCP की नियुक्ति; कई थाना प्रभारियों का भी हुआ तबादला
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत तीन नए पुलिस उपायुक्त (DCP) की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही कई थाना प्रभारियों (TI) के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश भी जारी किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार एडीसीपी तारकेश्वर पटेल को मध्य जिला का नया डीसीपी बनाया गया है। वहीं दीपमाला कश्यप को रायपुर उत्तर का डीसीपी नियुक्त किया गया है। अर्चना झा को डीसीपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा पुलिस कमिश्नरेट में कई थाना प्रभारियों की भी नई पदस्थापना की गई है। निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार को कोतवाली थाना प्रभारी के पद पर यथावत रखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को यातायात शाखा से स्थानांतरित कर थाना प्रभारी आजाद चौक बनाया गया है। वहीं निरीक्षक पारस राम पटेल को यातायात शाखा से थाना प्रभारी सरस्वती नगर तथा निरीक्षक नरेंद्र कुमार साहू को यातायात शाखा से थाना प्रभारी गुढ़ियारी पदस्थ किया गया है।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरण और नई पदस्थापना के आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। माना जा रहा है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाना है।

admin 




