जाली नोट से शराब खरीदने पहुंचा युवक गिरफ्तार: 500 रुपये के नकली नोटों के साथ पुलिस ने दबोचा, गिरोह से कनेक्शन की जांच
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जाली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर 500 रुपये के नकली नोट देकर शराब खरीदने पहुंचा था, लेकिन शराब दुकान के कर्मचारियों की सतर्कता से उसकी कोशिश नाकाम हो गई। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अकलतरा स्थित देशी शराब दुकान पर शराब खरीदने पहुंचा और भुगतान के दौरान 500 रुपये के नोट दिए। नोटों पर संदेह होने पर दुकान के मैनेजर ने तत्काल अकलतरा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने आरोपी की पहचान सत्येंद्र कुमार कुर्रे, निवासी दोमुहानी गांव, थाना सारंगढ़ के रूप में की है।
रायपुर से लाने की बात कबूली
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जाली नोट रायपुर से लेकर आया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए हैं।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरोह से जुड़े होने की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी जाली नोट गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

admin 




