शराब दुकान लूटकांड का खुलासा: कर्ज चुकाने रची थी साजिश, 3 आरोपी गिरफ्तार

शराब दुकान लूटकांड का खुलासा: कर्ज चुकाने रची थी साजिश, 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कर्ज चुकाने के लिए शराब दुकान को लूटने की योजना बनाई थी। वारदात में सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें चाकू से धमकाया गया था। मामले में एक आरोपी अब भी फरार है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिंटू निषाद और सुशील निर्मलकर के रूप में हुई है।

पहले मोपका शराब दुकान को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, आरोपी कर्ज में डूबे हुए थे और शराब दुकान में मौजूद नकदी लूटने की योजना बना रहे थे। इसके लिए उन्होंने गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू समेत कई सामान जुटाए थे।

आरोपियों ने पहले मोपका स्थित शराब दुकान को लूटने की योजना बनाई थी, लेकिन वहां ज्यादा चहल-पहल देखकर उन्होंने अपना प्लान बदल दिया। इसके बाद वे चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा स्थित शराब दुकान पहुंचे।

तड़के 3:30 बजे बोला धावा

जानकारी के मुताबिक, 3 अगस्त को तड़के करीब 3:30 बजे नकाबपोश आरोपी गतौरा शराब दुकान पहुंचे। वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर धमकाया और उनके हाथ-पैर बांध दिए। आरोपियों पर सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट करने का भी आरोप है।

इसके बाद आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। लॉकर खोलने के लिए ग्राइंडर कटर और छेनी का इस्तेमाल किया गया, लेकिन वे लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हो सके।

शराब की बोतलें और मोबाइल लेकर फरार

लॉकर नहीं टूटने के बाद आरोपी दुकान से शराब की बोतलें और सुरक्षाकर्मियों के दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, अपनी पहचान और वारदात के सबूत छिपाने के लिए आरोपी CCTV कैमरा और DVR भी अपने साथ ले गए। बाद में DVR को नदी में फेंक दिया गया।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध CCTV फुटेज का विश्लेषण शुरू किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बाइक, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी और धारदार चाकू समेत वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान बरामद किए हैं।

एक आरोपी अब भी फरार

मामले में एक आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फरार आरोपी पहले CMS Info System कंपनी में काम करता था और शासकीय शराब दुकानों से नकदी कलेक्शन का काम करता था। इसके चलते पुलिस को आशंका है कि उसे शराब दुकानों की नकदी, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी थी।

पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ लूट की पूरी साजिश में उसकी भूमिका और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है।