सात नाबालिगों ने टाइल्स कटर से काटकर युवक को मार डाला, शरीर के टुकड़े कर कुएं में फेंका

सात नाबालिगों ने टाइल्स कटर से काटकर युवक को मार डाला, शरीर के टुकड़े कर कुएं में फेंका

दुर्ग (चैनल इंडिया)। मोहन नगर थाना क्षेत्र में 15 सौ रुपये के मामूली लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। इस विवाद में सात नाबालिगों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस ने शक्ति नगर स्थित पशु आहार किसान राइस मिल परिसर से शव बरामद किया। 30 फीट गहरे कुएं में युवक का लहूलुहान शव तैर रहा था। मृतक की पहचान 26 वर्षीय यशवंत सारथी उर्फ  टिंगू के रूप में हुई। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। आरोपियों ने पहले उसके सिर पर भारी पत्थर से वार किया। फिर टाइल्स काटने वाले कटर से उसके सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साक्ष्य छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया गया था।

पुलिस की पूछताछ में नाबालिग आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि मृतक यशवंत सारथी और वे सभी टाइल्स लगाने वालों के साथ मजदूरी करते थे। मृतक ने मुख्य नाबालिग आरोपी से 15 सौ रुपये उधार लिए थे। बार-बार मांगने पर भी यशवंत पैसे वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर मुख्य आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 

योजना के तहत बुधवार रात मृतक को फोन कर बुलाया गया। पैसे देने की बात पर वाद-विवाद हुआ और फिर मारपीट शुरू हो गई। सभी नाबालिग आरोपियों ने मिलकर यशवंत की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और टाइल्स कटर बरामद कर सभी को न्यायालय में पेश किया।