चरित्र पर शक बना हत्या की वजह: पति ने हंसिया से किया पत्नी पर हमला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान दुर्गा यादव (22 वर्ष) और आरोपी की पहचान घनश्याम यादव (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी और उनका छह माह का एक बेटा भी है।
विवाद के दौरान किया जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी घनश्याम यादव शराब के नशे में अक्सर पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाकर मारपीट करता था। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर घनश्याम ने हंसिया से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुर्गा यादव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
admin




