दो हिस्सों में टूटा पुल, बीच में फंसी यात्रियों से भरी बस; बड़ा हादसा टला, कई जिलों का संपर्क बाधित

दो हिस्सों में टूटा पुल, बीच में फंसी यात्रियों से भरी बस; बड़ा हादसा टला, कई जिलों का संपर्क बाधित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। बांसाझाल स्थित जर्जर पुल अचानक बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। घटना के समय पुल से गुजर रही यात्रियों से भरी एक बस पुल के टूटे हिस्से के बीच फंस गई। राहत की बात यह रही कि बस नदी में नहीं गिरी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही पुल के बीच पहुंची, अचानक तेज आवाज के साथ पुल का स्लैब धंस गया। कुछ ही पलों में पुल दो हिस्सों में टूट गया और बस किनारे पर जाकर अटक गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित

पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। इसके चलते मनेंद्रगढ़, बिलासपुर, पेंड्रा, गौरेला और अमरकंटक के साथ-साथ पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के जबलपुर की ओर जाने वाला संपर्क प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्री बसें और मालवाहक वाहन भी रास्ते में फंस गए।

प्रशासन ने शुरू किए राहत और वैकल्पिक व्यवस्था के प्रयास

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने और वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। पुल टूटने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।