गंगरेल डैम लबालब, खोले गए तीन गेट 

गंगरेल डैम लबालब, खोले गए तीन गेट 

- महानदी में छोड़ा जा रहा 4670 क्यूसेक पानी

-  किनारे बसे गांवों में अलर्ट

धमतरी (चैनल इंडिया)। लगातार बारिश और जलभराव के बीच धमतरी जिले में महानदी के किनारे बसे गांवों के लिए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। प्रमुख गंगरेल बांध में करीब 31 टीएमसी पानी का भराव हो चुका है और बांध अपनी कुल क्षमता का 97.40 प्रतिशत भर चुका है। वहीं मुरूमसिल्ली बांध भी 98.61 प्रतिशत तक भर गया है। ऐसे में बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी में जलस्तर बढऩे की स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

गंगरेल बांध से तीन गेटों के जरिए 4670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही महानदी में 3360 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी है। पानी की लगातार निकासी को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। नदी और नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि, वे नदी-नालों को पार करने या उनके करीब जाने का जोखिम न उठाएं और जलस्तर बढऩे की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं। बांधों में लगातार बढ़ते जलभराव और महानदी में पानी छोड़े जाने के बीच आने वाले समय में जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।