प्रयागराज संगम में पद्मविभूषण तीजन बाई की अस्थियां विसर्जित, आज गनियारी में होगी श्रद्धांजलि सभा
भिलाईनगर। पंडवानी की विश्वविख्यात गायिका और पद्मविभूषण सम्मानित डॉ. तीजन बाई की अस्थियों का सोमवार को प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान उनके परिजन और करीबी सहयोगी मौजूद रहे। वहीं, मंगलवार को उनके पैतृक गांव गनियारी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कलाकार, साहित्यकार, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, तीजन बाई के सुपुत्र दिलहरण पारधी ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ प्रयागराज में संगम तट पर अस्थि विसर्जन की सभी धार्मिक रस्में पूरी कीं। इस अवसर पर झकेश्वर, राजू देशमुख, मंतराम वर्मा, सौरभ पारधी, तीजन बाई के पूर्व सचिव धन्नूलाल सिन्हा तथा मनहरण सार्वा सहित कई परिजन और सहयोगी उपस्थित रहे।
अस्थि विसर्जन के दौरान उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र के उपनिदेशक डॉ. मुकेश उपाध्याय, सारथी ग्रुप नई दिल्ली के राजीव सेठी, भगवान साहू, अभिलाष नारायण, वरिष्ठ रंगकर्मी अजय मुखर्जी, बीना सिंह, आश्रय द्विवेदी, मधु पांडे, स्वाति निरखी, उदय चंद्र परदेसी, रत्नेश दुबे, डॉ. धनंजय चोपड़ा, डॉ. आकांक्षा पाल और कार्यक्रम सलाहकार कल्पना सहाय सहित कई सांस्कृतिक एवं कला जगत से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
इस बीच, फ्रांस और जर्मनी सहित विदेशों से भी तीजन बाई के निधन पर शोक संदेश प्राप्त हुए, जिन्हें परिजनों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। इन संदेशों में लोककला और पंडवानी के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मंगलवार को दुर्ग जिले के गनियारी गांव में आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा में प्रदेशभर से कलाकारों, साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में पंडवानी की इस महान साधिका को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

admin 




