मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा का निधन, हैदराबाद में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस
रायपुर। छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष और राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भरत मटियारा का निधन हो गया। उन्होंने हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, भरत मटियारा पिछले करीब एक महीने से अस्वस्थ चल रहे थे। पहले उनका रायपुर में उपचार कराया गया, लेकिन तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर किया गया था। वहां एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
भरत मटियारा भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे थे। वे दो बार कांकेर भाजपा जिला अध्यक्ष रह चुके थे। इसके अलावा उन्हें दूसरी बार छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया था। संगठन और समाज के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी।
उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गहरा दुख जताया है। कई नेताओं ने उन्हें संगठन का समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए श्रद्धांजलि दी है।

admin 





