कर्नाटक में सिद्धारमैया का इस्तीफा, डीके शिवकुमार ने सीएम के पैर छुए 

कर्नाटक में सिद्धारमैया का इस्तीफा, डीके शिवकुमार ने सीएम के पैर छुए 

बेंगलुरू (एजेंसी)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को इस्तीफे का ऐलान किया। उन्होंने बेंगलुरु में अपने घर पर मंत्रियों के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग बुलाई थी। जिसमें उन्होंने सभी मंत्रियों को अपने फैसले के बारे में जानकारी दी। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी मीटिंग में पहुंचे। शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए, इसके बाद सीएम ने उन्हें गले लगा लिया। कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन के मुताबिक डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात के लिए समय मांगा था। हालांकि, राज्यपाल पारिवारिक कारणों के चलते बेंगलुरु से बाहर हैं। ऐसे में सिद्धारमैया राज्यपाल दफ्तर को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। उन्होंने इस्तीफा देने के लिए दोपहर तीन बजे तक का समय मांगा था। नियमानुसार राज्यपाल राज्य में मौजूद न हों तब भी मुख्यमंत्री लिखित इस्तीफा राजभवन के अधिकारियों को ई-मेल से या खुद जाकर दे सकते हैं। राज्यपाल बाद में उसे स्वीकार करते हैं। इस्तीफा मंजूर होने तक मौजूदा सीएम ही पद पर रहेंगे।

डीके शिवकुमार को कल शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना जाएगा। कांग्रेस डीके के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। बिहार में एनडीए ने जिस तरह पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे को नई सरकार में मंत्री बनाया। उसी तरह सिद्धारमैया के बेटे को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके साथ सरकार के मंत्रिमंडल में भी फेरबदल होगा। कैबिनेट में करीब 15 से 20 नए मंत्री शामिल किए जा सकते हैं।

35 मंत्रियों में से करीब 25 हटाए जा सकते हैं। दो डिप्टी सीएम संभव हैं। एक पद किसी दलित चेहरे और दूसरा लिंगायत या ओबीसी नेता को मिल सकता है। 26 मई को सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंचे थे। दोनों नेताओं की मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकर्जुन खडग़े और सांसद राहुल गांधी के साथ बैठक हुई। कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा 2023 से चल रही थी। शिवकुमार के समर्थक विधायक कहते आ रहे थे कि 2023 में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब मुख्यमंत्री पद के लिए 2.5-2.5 साल की डील हुई थी। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का 20 नवंबर 2025 को 2.5 साल का कार्यकाल पूरा हुआ था।