पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में लगी आग, दमकल की टीम ने पाया काबू; एक कर्मचारी घायल
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में सैंपलिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सैंपल लेते समय एक वाल्व पूरी तरह बंद नहीं हो पाया, जिससे गर्म पदार्थ बाहर निकलने लगा। ऑक्सीजन के संपर्क में आते ही उसमें सेल्फ इग्नीशन (स्वतः प्रज्वलन) की प्रक्रिया शुरू हो गई और देखते ही देखते आग फैल गई।
घटना के दौरान सैंपलिंग का कार्य कर रहे एक कर्मचारी के हाथ में हल्की चोट आई है। घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
आग लगने के बाद फैक्ट्री परिसर में धुएं का घना गुबार फैल गया था, जिससे आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान और हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल की बहुमंजिला इमारत में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी। उस आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को करीब 11 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी थी। दोनों घटनाओं ने शहर में औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

admin 




