ई-रिक्शा बैटरी चोरी का खुलासा, चोरी और खरीदी में शामिल सभी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से बैटरी चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां बरामद कर ली हैं, जिनकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, भनपुरी स्थित टिंबर मार्केट के पास रहने वाले राजू सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने 24 जून की रात अपना ई-रिक्शा घर के बाहर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात चोर ई-रिक्शा से दो बैटरियां निकालकर ले गया है। मामले में खमतराई थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोंदवारा स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति चोरी की ई-रिक्शा बैटरियां बेचने के बाद घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान राय सिंह उर्फ प्रकाश के रूप में बताई। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने भनपुरी क्षेत्र से ई-रिक्शा की दो बैटरियां चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चोरी की एक बैटरी दीपक उर्फ दीपू दास और दूसरी बैटरी किशुन उर्फ किशन भारती को पांच-पांच हजार रुपये में बेच दी थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों खरीदारों को भी हिरासत में लिया। जांच में चोरी का सामान खरीदने की पुष्टि होने पर दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दोनों बैटरियां बरामद कर ली हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में राय सिंह उर्फ प्रकाश, दीपक उर्फ दीपू दास और किशुन उर्फ किशन भारती शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

admin 




