दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ओखरा में 4 दिनों से लापता एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ओखरा निवासी विजय रात्रे के रूप में हुई है, जो 28 सितंबर से घर से लापता थे। उनका शव गांव के शासकीय स्कूल के पास स्थित नाले के पुल के नीचे घुटनों तक पानी में पड़ा मिला। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद सूचना पर पहुंची नंदिनी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विजय रात्रे के अचानक गायब होने पर परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की थी, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर 30 सितंबर को उनके पुत्र उमेंद्र रात्रे ने नंदिनी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने की ही शाम लगभग 6:30 से 7 बजे के बीच ग्रामीणों को स्कूल के पास पुल के नीचे से असहनीय दुर्गंध आने और मक्खियां भिनभिनाने पर संदेह हुआ। ग्रामीणों ने टॉर्च जलाकर पुल के नीचे देखा तो पानी में एक व्यक्ति का सिर दिखाई दिया। ग्रामीणों द्वारा तत्काल दी गई सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान उमेंद्र ने अपने पिता के रूप में की।
नंदिनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि शव काफी हद तक सड़ा-गला अवस्था में मिला है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले में परिजनों व स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर सभी पहलुओं पर बारीकी से विवेचना कर रही है।