छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर कमजोर: बारिश का दौर थमने के बाद पारे में 3 से 5 डिग्री तक होगी बढ़ोतरी

छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर कमजोर: बारिश का दौर थमने के बाद पारे में 3 से 5 डिग्री तक होगी बढ़ोतरी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से पिछले कुछ दिनों से जारी झमाझम बारिश का दौर अब धीरे-धीरे थमने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ होने के साथ ही अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे बारिश के बाद एक बार फिर उमस और गर्मी का हल्का असर देखने को मिल सकता है।

पिछले 48 घंटों के दौरान विशेष रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश दर्ज की गई, जिसमें कुसमी में सबसे अधिक 28 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चांदो, सामरी, कुनकुरी, तमनार और रायगढ़ समेत कई अन्य इलाकों में भी झमाझम पानी गिरा। हालांकि अब बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं, फिर भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तापमान में होने वाली इस बढ़ोतरी के साथ ही राज्य में मौसम पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।