पोटाकेबिन और आश्रमों को बनाएं अपना घर: गजेंद्र यादव
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पोटाकेबिन और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन और पारिवारिक माहौल सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि बस्तर के सुदूर वनांचल क्षेत्रों से आने वाले बच्चों को सुबह उठने से लेकर रात में सोने तक सुरक्षित और अपनापन भरा वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे स्वयं को सुरक्षित और सक्षम महसूस कर सकें।
सुकमा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार को पोटाकेबिन, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अधीक्षकों और कर्मचारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री यादव ने बच्चों के प्रति संवेदनशील और अभिभावकीय दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।
कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर की मौजूदगी में आयोजित बैठक में मंत्री ने व्यवस्थापकों को कर्तव्यबोध कराते हुए कहा कि जिस केंद्र में उनकी पदस्थापना है, उसे अपना घर और वहां रहने वाले बच्चों को अपनी संतान की तरह समझें।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि नियमित निरीक्षण नहीं करने वाले अधीक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए रोस्टर प्रणाली लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
मंत्री यादव ने छात्रावास परिसरों और भोजनालयों में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में रसोइयों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और व्यसनमुक्ति पर विशेष ध्यान देने की भी हिदायत दी गई। मंत्री ने रसोई परिसर में गुटखा खाने अथवा नशे की हालत में प्रवेश करने पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
admin



