रायपुर में दिनदहाड़े कारोबारी पर हमला, कार का शीशा तोड़कर की मारपीट; सोने की चेन लूटने का आरोप

रायपुर में दिनदहाड़े कारोबारी पर हमला, कार का शीशा तोड़कर की मारपीट; सोने की चेन लूटने का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर एक कारोबारी पर हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। लालपुर ब्रिज के नीचे कुछ लोगों ने पहले कारोबारी की कार पर पत्थर फेंककर उसका पिछला शीशा तोड़ दिया। इसके बाद कार से बाहर निकलते ही हथियारों से लैस लोगों ने उस पर और उसके साथियों पर हमला कर दिया। पीड़ित ने मारपीट के दौरान गले से सोने की चेन लूटे जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित कारोबारी पंकज मेघानी ने पुलिस को बताया कि वह देवपुर स्थित बाबा गेलाराम नगर का निवासी है और डूमरतराई मार्केट में शुभम ट्रेडर्स के नाम से अनाज का कारोबार करता है। रविवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने भाई नीरज मेघानी, चचेरे भाई और दोस्तों तनीष खेमानी तथा गुरुदास पंजवानी के साथ अपनी हेरियर कार (सीजी-04-क्यूटी-8388) से नाश्ता करने निकला था।

शिकायत के अनुसार, जैसे ही उनकी कार लालपुर ब्रिज के नीचे पहुंची, ब्रिज के पास बनी झोपड़ियों की ओर से किसी ने कार पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से कार का पिछला शीशा टूट गया। कार रोककर सभी लोग नीचे उतरे तो वहां मौजूद कई लोग डंडे, सरिया, पत्थर, हथौड़े, ईंट और कुल्हाड़ी लेकर बाहर आ गए।

आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे कारोबारी के साथियों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का कहना है कि धक्का-मुक्की के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी गायब हो गई।

जान बचाने के लिए सभी लोग मौके से कार लेकर निकल गए और बाद में पुलिस से शिकायत की। मामले के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.