कचना फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा टला: डिवाइडर से टकराकर रेलिंग पर लटकी कार, टक्कर मारने वाला चालक फरार
रायपुर। राजधानी रायपुर के कचना फ्लाईओवर पर रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद फ्लाईओवर की रेलिंग पर लटक गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 8:30 बजे कचना फ्लाईओवर पर हुआ। सीजी 12 बीएच 8300 नंबर की कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर रेलिंग पर जाकर अटक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार का अगला हिस्सा रेलिंग के बाहर लटक गया था। हालांकि वाहन नीचे नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना से पहले एक अन्य वाहन ने कार को टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद दूसरा चालक मौके से अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। फिलहाल इस दावे की पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में क्षतिग्रस्त कार को सुरक्षित हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

admin 




