CG Weather : अगले दो दिन भारी बारिश के आसार; कई इलाकों के लिए अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
प्रदेश में अब तक सामान्य की तुलना में करीब 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौजूदा मौसम प्रणाली के सक्रिय होने से आने वाले 48 घंटों के दौरान मानसूनी गतिविधियों में तेजी बने रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज और जमशेदपुर होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बने गहरे अवदाब के केंद्र से गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश की स्थिति बन रही है।
पिछले 24 घंटों में नवागढ़ में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। भटगांव, पिथौरा और भिलाईगढ़ में 7 सेंटीमीटर, सरायपाली में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई। अर्जुन्दा, सोनाखान, शिवरीनारायण, गिरौदपुरी, सरसींवा, बसना और राजनांदगांव में 5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा लाल बहादुर नगर, चांपा, जांजगीर, पामगढ़ और नगरी में 4 सेंटीमीटर, जबकि धमतरी, कुकरेल, पलारी, बिरनीडीह और घरघोड़ा में करीब 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
admin




