विज्ञापन जगत में नए अवसरों पर मंथन, चैनल इंडिया और ऐड एजेंसियों के पदाधिकारियों के बीच हुआ सार्थक संवाद
विज्ञापन जगत के लिए चैनल इंडिया का प्रयास सराहनीय : राजेश दुग्गड़
चैनल इंडिया के विजन से विज्ञापनदाताओं का होगा फायदा : मनीष राज्यवर्धन
रायपुर। विज्ञापन बाजार तेजी से बदल रहा है। डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, नई तकनीक और क्लाइंट्स की बदलती जरूरतों के बीच अब विज्ञापन को सिर्फ प्रचार नहीं, बल्कि बेहतर रिस्पॉन्स और ब्रांड कनेक्ट से जोड़ने की जरूरत है। इसी को लेकर चैनल इंडिया और विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों की बैठक गुरुवार को होटल मयूरा में हुई। इसमें विज्ञापन उद्योग की मौजूदा स्थिति, आगामी त्योहारों में कारोबार की संभावनाओं, प्रिंट-डिजिटल के बदलते स्वरूप और क्लाइंट्स को बेहतर परिणाम देने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में एजेंसी संचालकों ने कहा कि विज्ञापनदाता अब सिर्फ विज्ञापन देने तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि उसके परिणाम भी देखना चाहते हैं। ऐसे में मीडिया और विज्ञापन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ नए प्रयोग जरूरी हैं। एजेंसी संचालकों ने चैनल इंडिया की ओर से विज्ञापन जगत को एक मंच पर लाने की पहल की सराहना की।

क्लाइंट को विज्ञापन का रिस्पॉन्स मिले, इसी दिशा में काम जरूरी : दुग्गड़
ऐड एजेंसी एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं अभय एडवरटाइजर्स के संचालक राजेश दुग्गड़ ने कहा कि चैनल इंडिया ने विज्ञापन जगत को संवाद और नए अवसर तलाशने का प्लेटफॉर्म दिया है। आज विज्ञापन एजेंसी, क्लाइंट और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि विज्ञापन की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण पैमाना उसका रिस्पॉन्स है। हमें ऐसे तरीके विकसित करने होंगे, जिससे क्लाइंट को उसके विज्ञापन का बेहतर परिणाम मिल सके। डिजिटल तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए इस क्षेत्र में भी नए प्रयोग और प्रभावी रणनीति पर काम करना होगा। विज्ञापनदाता और मीडिया समूह साथ मिलकर काम करेंगे तो बेहतर परिणाम सामने आएंगे।

*प्रिंट की डिटेल और डिजिटल की स्पीड, दोनों की अपनी ताकत*
ऐड एजेंसी एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव एवं एंबेसी कॉरपोरेट प्रमोशन के फाउंडर मनीष राज्यवर्धन ने कहा कि अखबार और विज्ञापन एजेंसी का चोली-दामन का साथ है। आगामी त्योहारों और बाजार में विकास की संभावनाओं को देखते हुए मीडिया और एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोबाइल अब लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा है और युवा वर्ग खबरों व जानकारी के लिए डिजिटल माध्यम पर निर्भर है। ऐसे में मीडिया के सामने चुनौती खुद को अलग पहचान देने की है। चैनल बहुत हैं, लेकिन वही मीडिया आगे बढ़ेगा, जो अलग, उपयोगी और लगातार पाठकों को जोड़े रखने वाला कंटेंट देगा।
राज्यवर्धन ने कहा कि प्रिंट की अपनी अलग ताकत है। अखबार में किसी घटना की विस्तृत जानकारी, उसका संदर्भ और आगे की तस्वीर एक साथ दी जा सकती है। वहीं डिजिटल की ताकत उसकी स्पीड और कम समय में ज्यादा लोगों तक पहुंच है। दोनों माध्यमों की खूबियों को साथ लेकर चलने से मीडिया और विज्ञापनदाता दोनों को फायदा होगा।

रायपुर के साथ सभी शहरों में विज्ञापन बाजार तलाशने पर जोर
बैठक में एजेंसी संचालकों ने कहा कि विज्ञापनदाताओं का रुझान अब सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं है। प्रदेश के दूसरे शहरों सहित गांवों में भी बाजार और ब्रांडिंग की संभावनाएं बढ़ रही हैं। खासकर बस्तर में विकास की गतिविधियां तेज होने से वहां विज्ञापन और ब्रांडिंग के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
एजेंसी संचालकों ने सुझाव दिया कि विज्ञापन जगत के लिए ट्रेड फेयर और इवेंट्स जैसे प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। छोटी-छोटी गतिविधियों के जरिए भी विज्ञापनदाताओं से लगातार जुड़ाव बनाया जा सकता है। खबरों के साथ इवेंट्स और ग्राउंड एक्टिविटी के जरिए ब्रांड्स को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा सकता है।

बैठक में यह सुझाव भी सामने आया कि बस्तर में चैनल इंडिया की मजबूत समाचार पहुंच को ब्रांडिंग और इवेंट्स से जोड़कर नई पहचान बनाई जा सकती है। “बस्तर बोले तो चैनल इंडिया” जैसी ब्रांडिंग को अभियान के रूप में विकसित करने पर भी विचार किया गया।
विज्ञापनदाताओं के ब्रांड को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में करेंगे काम : पवन दुबे

चैनल इंडिया के प्रधान संपादक पवन दुबे ने कहा कि बैठक का उद्देश्य विज्ञापन जगत की डिमांड, बदलती समझ और नई तकनीक से जुड़ना है। विज्ञापन एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसी रणनीति तैयार करना है, जिससे विज्ञापनदाताओं के ब्रांड को प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि बदलते समय में केवल विज्ञापन का स्थान बदलना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी प्रस्तुति, कंटेंट, पहुंच और रिस्पॉन्स पर भी काम करना होगा। इसके लिए मीडिया और विज्ञापन एजेंसियों का साथ आना जरूरी है।
चैनल इंडिया के प्रधान संपादक पवन दुबे एवं समूह संपादक राजेश दुबे ने ऐड एजेंसी एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष राजेश दुग्गड़, महासचिव मनीष राज्यवर्धन सहित विभिन्न विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों का स्वागत किया। बैठक में विज्ञापन उद्योग से जुड़े पदाधिकारियों और चैनल इंडिया की टीम ने बदलते मीडिया परिदृश्य में नए अवसर तलाशने तथा विज्ञापन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
admin



